नई दिल्ली: Crime: लालच जब बढ़ जाए तो इंसान का काल बन सकता है। और कुछ ऐसा ही हुआ केरल के सूरज नाम के शख्स के साथ। जो इस कदर दहेज के लालच में डूब गया कि उसने अपनी पत्नी को सांप से कटवाकर मार डाला। ये मामला केरल के पथानामथिट्टा जिले का है। जहां अदालत ने एक शख्स को उसकी बीवी का कातिल मानते हुए दोषी करार दिया है। केरल की सेशंस कोर्ट ने महिला को सांप से डसवाकर मारने के मामले में उसके पति सूरज को हत्या का दोषी ठहराया है। सेशंस कोर्ट अब 13 अक्टूबर को उसकी सजा का ऐलान करेगी।
Crime: ताकि प्राकृतिक लगे महिला की मौत
दरअसल, सूरज ने अपनी पत्नी को मारने के लिए उसे सांप से कटवाया था, ताकि ये मौत प्राकृतिक लगे ना की कत्ल। इसके लिए सूरज ने दो बार प्रयास किया। पहले प्रयास में वह असफल रहा। आखिरकार दूसरे प्रयास में वह कामयाब हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सूरज की पत्नी उथरा पति के घर से 40 किमी दूर अपने मायके में रह रही थी। 7 मई 2020 को उसे सोते समय कोबरा ने डस लिया। जिसके बाद करीब 16 दिन तक हॉस्पिटल में उसका इलाज चला, लेकिन उथरा की जान नहीं बच पाई। उथरा को जिस सांप ने काटा था वह रसेल वाइपर प्रजाति का था। सांप के काटने के बाद उथरा करीब 52 दिन तक बिस्तर पर ही रही। इसके बाद उसकी प्लास्टिक सर्जरी भी करनी पड़ी थी।
यह भी पढ़ें- Political: कार्यकर्ताओं को UP बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष की नसीहत, कहा- नेतागिरी का मतलब किसी को फार्च्यूनर से कुचलना नहीं
घटना वाले दिन सूरज भी अपने ससुराल में ही था। उथरा की मां का कहना है कि खाना खाने के बाद दोनों सोने चले गए थे। वहीं, दो साल पहले ही उथरा की शादी सूरज से हुई थी। दोनों का एक साल का बच्चा भी है। घटना वाले दिन उथरा के कमरे से कोबरा बरामद हुआ था। वहीं, उथरा के परिजनों ने सूरज पर उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया। सूरज पर आरोप था कि उसने अपनी 25 साल की पत्नी उथरा को दहेज के लिए सांप से डसवाकर मार डाला।
Crime: दो बार सांप से डसवाने की कोशिश
सूरज पर आरोप है कि वह उसने बार उथरा को जान से मारने की कोशिश की। इसके लिए उसने सपेरे से दो बार सांप खरीदे। एक बार 10 हजार में और दूसरी बार सांप खरीदने के लिए 7 हजार रूपए दिए थे। जानकारी के मुताबिक घटना वाली रात सूरज ने उथरा को नींद की गोलियां भी खिलाई थीं, ताकि उसकी नींद ना खुले।
उथरा के परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद सूरज उस पर दहेज के लिए दबाव बना रहा था। सूरज को दहेज भी दिया गया था। इसमें 10 लाख रुपये नकद, प्रॉपर्टी, नई कार और सोना शामिल था। दो साल के वैवाहिक जीवन में असफल रहने के बाद उसने और ज्यादा दहेज मांगने का प्रयास किया था।
इस मामले में कोर्ट में अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से दलीलें दी गईं और कई सबूत भी पेश किए गए। जिसके बाद कोर्ट ने सूरज को अपनी पत्नी की हत्या का दोषी करार दिया।