जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के बाद अब सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग को जान से मारने की धमकी मिली है। आपको बता दें, जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने को थे। उसी के प्रचार- प्रसार के लिए जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे सभा को संबोधित कर रहे थे कि अचानक से एक अज्ञात शख्स ने पीछे से गोली मारकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। शख्स शिंजो आबे के कार्यकाल से असंतुष्ट था। इसलिए उसने शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी। शख्स सभा में पत्रकार बनकर आया था। बाद में उसकी पहचान जापान नेवी के पूर्व सैनिक के रुप में हुई थी और वह 2005 में सैनिक पद से रिटायर हो गया था।
ली सीन लूंग के खिलाफ हिंसा भड़काने की धमकी
अब शिंजो आबे की हत्या के बाद सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग को जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि ली सीन लूंग के खिलाफ फेसबुक पर एक टिप्पणी पोस्ट करके हिंसा भड़काने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को अपराह्न 3 बजकर 10 मिनट पर प्रधानमंत्री ली के खिलाफ हिंसा भड़काने की धमकी मिली। जांच के बाद फेसबुक उपयोगकर्ता की पहचान की गयी और आरोप में 45 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया गया। उक्त व्यक्ति के पास से एक लैपटॉप, एक टैबलेट और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की तफ्तीश चल रही है। इस अपराध के तहत आरोपी शख्स को पांच साल तक की जेल की सजा हो सकती है।
ली ने शिंजो आबे की मौत पर दु:ख जताया था
प्रधानमंत्री ली ने शुक्रवार को आबे की हत्या को ‘‘हिंसा का बेतुका कृत्य’’ बताते हुए इसकी आलोचना की थी। ली ने फेसबुक पर कहा था, ‘‘श्री आबे सिंगापुर के अच्छे मित्र थे। मैंने मई में तोक्यो की अपनी यात्रा के दौरान उनके साथ दोपहर का भोजन किया था। मेरी संवेदनाएं आबे के परिवार के साथ हैं।’’