नई दिल्ली : बॉलीवुड (Bollywood) के बेहतरीन अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की अचानक हुई मौत से हर कोई हतप्रभ है। कल मुंबई स्थित अपने कमरे में सुशांत सिंह मृत पाए गए, जिसके बाद उनकी आत्महत्या ((Sushant Singh Suicide Case) की खबर ने सबको सन्न कर दिया। उनके निधन से जहाँ बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं उनके प्रशंसकों को अब तक समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद आज सुशांत सिंह का मुंबई में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए पटना से उनके परिजन मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं।
सुशांत सिंह राजपूत ने अपने दम पर तय किया बॉलीवुड तक का सफर
आपको बता दें कि मूल रूप से बिहार (Bihar) के रहने वाले सुशांत सिंह ने छोटे पर्दे से शुरुआत की और बॉलीवुड तक का सफर अपने दम पर किया। उन्होंने अपनी जिंदगी खुद से तब ख़त्म कर ली, जब उनका सितारा बुलंदियों पर था। फिल्म ‘एमएस धोनी’ में उनके काम की जबरदस्त तारीफ हुई थी और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी दमदार प्रदर्शन किया था। जानकारी के मुताबिक सुशांत ने कई फ़िल्में साइन कर रखी थी और आने वाले दिनों में उनकी कई फ़िल्में बड़े परदे पर दस्तक देने वाली थी, लेकिन इसी बीच वो दुनिया को अलविदा कह गए।
अभिनेता के निधन से सदमें में परिवार के लोग
34 वर्षीय अभिनेता के निधन से उनके परिवार वालों पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। पटना के राजीव नगर स्थित सुशांत के घर में उनके पिता ने जब बेटे की आत्महत्या की खबर सुनी तो वो बेसुध हो गए। होश में आने के बाद भी वो लगातार रोते रहे और अपने बेटे को याद करते रहे। वहीं अब पूरा परिवार सुशांत की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए मुंबई रवाना हो चूका है। इससे पहले उनके शव को बिहार लाने और यही पर अंतिम संस्कार किये जाने की चर्चा थी, लेकिन अब मुंबई में ही सुशांत का अंतिम संस्कार होगा।