नई दिल्ली: बॉलीवुड फिल्म निर्माता करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ के निर्देशक अभिषेक वर्मन के पिता आर वर्मन (रत्न वर्मन शेट्टी) का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनका निधन कार्डियक अरेस्ट से हुआ है।
अभिषेक वर्मन ने अपने पिता का अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान में किया। फिल्ममेकर करण जौहर, वरुण धवन, अर्जुन कपूर और आलिया भट्ट जैसे सितारे अभिषेक को सांत्वना देने पहुंचे।
मंगलौर में जन्में आर वर्मन मुंबई जेजे स्कूल ऑफ आर्ट के छात्र थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पब्लिसिटी डिजाइनिंग एंड सिने एडवरटाइजिंग कंपनी शुरू की थी। देव आनंद प्रोडक्शन हाउस उनके मेजर क्लाइंट्स में से एक था।
वर्मन ने अपने फिल्मी करियर में अब तक 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। जिनमें बेताब, खिलाड़ी, करण अर्जुन, अंदाज अपना अपना, खून भरी मांग, ये रास्ते हैं प्यार के, बॉक्सर, कहो ना प्यार है और एतराज जैसी फिल्में शामिल हैं। वर्मन को साल 1992 और 1993 में ‘हम’ और ‘अंगार’ के लिए दो बार सर्वश्रेष्ठ आर्ट डायरेक्शन के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है।