नई दिल्ली : कर्नाटक की कुमारस्वामी सरकार के गिरने के बाद बीजेपी ने कर्नाटक में सरकार का गठन कर लिया है। एक बार फिर कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक की सत्ता संभाल ली है। आज शाम उन्होंने राजभवन में सीएम पद की शपथ ली। ये चौथा मौका है, जब येदियुरप्पा ने कर्नाटक सीएम पद की शपथ ली है। इससे पहले तीन बार उन्होंने सीएम पद की शपथ ली है, लेकिन एक बार भी वो अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए।
इससे पहले कर्नाटक में सरकार गठन को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगायी जा रही थी। कहा ये भी जा रहा था कि कर्नाटक में बीजेपी सरकार नहीं बनाएगी, बल्कि यहाँ राष्ट्रपति शासन लागु किया जायेगा। लेकिन आज सुबह येदियुरप्पा ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसके बाद तमाम तरह की अटकलों पर विराम लग गया।
बता दें कि मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा में फ्लोर टेस्ट हुआ था, जिसमें राज्य की कुमारस्वामी सरकार बहुमत साबित करने में असफल रही। कुमारस्वामी सरकार के पक्ष में 99 वोट पड़े, जबकि बीजेपी के पक्ष में 105 वोट पड़े। और इस तरह कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन वाली सरकार गिर गयी। इसके बाद अब राज्य में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।