नई दिल्ली- ISRO यानी भारतीय अंतरिक्ष संस्थान ने चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग की तैयारी पूरी कर ली है। रविवार शाम को 6 बजे के बाद चंद्रयान-2 के लॉन्चिंग का काउंटडाउन शुरु हो गया है। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) के चीफ के सिवन ने इसकी पुष्टि की। इससे पहले चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग को तकनीकी खराबी की वजह से टाल दिया गया था।
सोमवार को होगा लॉन्च
आपको बता दें कि भारत का दूसरा मून मिशन कल (सोमवार) श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च होगा। 20 घंटे चलने वाली उल्टी गिनती के बाद सोमवार की दोपहर इस मिशन को लॉन्च किया जाएगा।
चंद्र मिशन की तैयारियां पूरी
बता दें कि भारत के सबसे बड़े चंद्र मिशन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। 22 जुलाई की दोपहर 2 बजकर 51 मिनट पर चंद्रयान-2 को लॉन्च किया जाएगा और पूरा देश इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेगा, लेकिन इससे पहले इस महत्वकांक्षी मिशन का एनिमेटेड वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें यान को लैंडिंग करते दिखाया गया है।
जल्द आने वाला है वो ऐतिहासिक क्षण जिसका पूरे देश की जनता को कई सालों से इंतजार था। वो पल जब श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-2 को लॉन्च किया जाएगा। इसके लिए भारत के सबसे ताकतवर जीएसएलवी मार्क-III रॉकेट का इस्तेमाल किया जाएगा। इस रॉकेट में तीन मॉड्यूल ऑर्बिटर, लैंडर और रोवर होंगे। जिसे लॉन्च के बाद चंद्रमा के साउथ पोल पर लैंड कराया जाएगा।