नई दिल्ली- उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोनभद्र हत्याकांड के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सीएम योगी ने समावादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। सीएम योगी ने सोनभद्र नरसंहार के लिए सपा और कांग्रेस के नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ये लोग अब सजा के लिए भी तैयार रहे। सीएम योगी ने कांग्रेस महासचिव पर हमला करते हुए कहा कि हमारी सरकार इस हत्याकांड पर ‘घड़ियाली आंसू’ बहाने वालों का पर्दाफाश करेगी।
सोनभद्र नरसंहार पर सियासत
बता दें कि सोनभद्र नरंसहार के बाद प्रियंका गांधी भी सोनभद्र हत्याकांड में पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन मिर्जापुर में उनके काफिले को रोक लिया गया। तब से प्रियंका गांधी पीड़ितों के परिजनों से मिलने की जिद में धरने पर बैठ गई थीं। 26 घंटे बाद अपने धरने पर विराम लगाते हुए प्रियंका ने कहा है कि उनका मकसद पूरा हो गया है।
‘मकसद पूरा हो गया’
शनिवार को पीड़ित परिवारों के 15 सदस्य खुद प्रियंका से मिलने के लिए चुनार गेस्ट हाउस किले में पहुंचे थे, जहां केवल दो लोगों को ही प्रियंका से मिलने के लिए इजाजत दी गई। परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका भावुक हो गई थीं। पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद एक बार फिर प्रियंका धरने पर बैठ गई थीं। हालांकि, बहुत समझाने के बाद अब कांग्रेस महासचिव ने अपना धरना खत्म कर दिया है। धरना खत्म करने के बाद प्रियंका ने कहा कि उनका मकसद पूरा हो गया है।
ये है पूरा मामला
बुधवार को सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र के मूर्तिया गांव में जमीन के लिए हुए खूनी संघर्ष में 10 लोगों की जान चली गई थीं। जानकारी के मुतबाकि, ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त ने एक आईएएस अधिकारी से 100 एकड़ जमीन खरीदी थी। गांववाले इस जमीन पर कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना था कि वो लंबे समय से इस पर काम कर रहे हैं। इसी जमान को लेकर खूनी संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर को 15 से 20 ट्रैक्टर में ग्राम प्रधान यज्ञ दत्त के लोग भरकर आए और उन्होंने गांव वालों पर हमला कर दिया। इसके बाद ताबड़ताड़ फायरिंग से गांववालों को हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हैं।