नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को सोनभद्र के उम्भा गांव में जाएंगी। यहां वह जमीनी विवाद को लेकर गोलीकांड में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगी। कहा जा रहा है कि प्रियंका उन्हें उनकी जमीन वापस दिलाने की दिशा में किए गए प्रयासों के संबंध में जानकारी देंगी।
बता दें कि प्रियंका गांधी पहले भी ऊम्भा गांव जा चुकी हैं और पीड़ितों को मदद का आश्वासन दे चुकी हैं। हालांकि, प्रियंका के सोनभद्र दौरे को लेकर काफी बवाल हुआ था। दरअसल, प्रियंका को सोनभद्र जाने से यूपी प्रशासन ने रोक दिया था, जिस पर काफी हंगामा हुआ था।
हालांकि, बीजेपी ने इसे राजनीतिक स्टंट करार दिया था। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि सोनभद्र के विवाद की जड़ में कांग्रेस ही है। सरकार द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस के ही एक नेता ने सन 1955 में जमीन को सोसाइटी बनाकर हस्तांतरित किया था।