रायबरेली : भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सभी जगह धूम धाम से मनाया जा रहा है। सिर्फ भाजपा ही नही उनके कार्यों को पसंद करने वाले सभी, फिर चाहे वह विरोधी दल का ही क्यों न हो, अपने-अपने तरीके से आयोजन कर रहा है। ऐसा ही कुछ हुआ कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में, जहाँ जनपद के हरचन्दपुर विधानसभा से कांग्रेस के विधायक राकेश सिंह ने सूर्य यज्ञ का आयोजन कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। ऐसे में जनपद की राजनीति में भी धुंआ उड़ा और राजनीतिक शतरंज की नई बिसातें बिछ गई।
प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सूर्य यज्ञ करने वाले हरचन्दपुर से कांग्रेस के विधायक राकेश सिंह ,कांग्रेस के ही एमएलसी दिनेश सिंह के भाई है। दिनेश सिंह पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके है। यही नही वह कांग्रेस अध्यक्ष और जनपद की सांसद सोनिया गांधी के सामने लोकसभा 2019 का चुनाव भी भाजपा के टिकट पर लड़े, हालांकि उन्हें सफलता नही मिली, लेकिन सोनिया गांधी की जीत का अंतर वह जरूर कम कर गए। अब बात करें राकेश सिंह की तो वह भी अपने भाई के साथ ही भाजपा में कार्य कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस का विधायक होने के नाते हमेशा पर्दे के पीछे ही रहे। लेकिन आज प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वह सार्वजनिक रूप से भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया और उनकी दीर्घायु और यश बढ़ाने के लिए शहर के जगमोहनेश्वर मंदिर में सूर्य यज्ञ का आयोजन किया।
विधायक राकेश सिंह का कहना है कि जो भी संवैधानिक पद पर है और जनता के हित के लिए कार्य कर रहा है वह महान है। ऐसे में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के हित में किये गए कार्यों की सराहना होनी चाहिए और मैं वहीं कर रहा हूँ। प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुरुष नही महापुरुष है। उनके द्वारा किये गए कार्य देशहित में है और आमजनमानस के हितार्थ है, इसलिए मैं उनके कार्यों की सराहना करता हूँ। मैंने उनके जन्मदिन पर सूर्य यज्ञ का आयोजन किया है, जिससे उन्हें लंबी आयु प्राप्त हो तथा सूर्य की तरह ही उनकी यश कीर्ति में वृद्धि हो।
वहीं प्रधानमंत्री के शतायु होने के लिए आयोजित यज्ञ पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीके शुक्ला कहते है कि कौन क्या कर रहा है यह उसका व्यक्तिगत मामला है, लेकिन कांग्रेस का विधायक होकर भाजपा के लिए कार्य करना पार्टी विरोधी है। अब तक राकेश सिंह मंच के पीछे रहते थे पर आज सार्वजनिक आयोजन कर रहे है और यह प्रमाण है। ऐसे में मैं शीर्ष नेतृत्व से सलाह कर विधायक की सदस्यता खत्म करवाने की शिकायत करूंगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नैतिकता के आधार पर विधायक राकेश सिंह को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए, उसके बाद वह भाजपा के लिए खूब काम करे। कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक के भाई ,कांग्रेश के एमएलसी दिनेश सिंह की भी सदस्यता समाप्त करने की शिकायत की गई थी लेकिन पता नही कौन सी जांच हो रही है, जबकि सब प्रमाणित है।