लखनऊ : उन्नाव रेप पीडिता के साथ हुए हादसे को लेकर लोगों का योगी सरकार के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर एक स्वर में लोग इसे रेप केस के आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की साजिश बता रहे हैं। वहीं इस मामले में अब बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि मामले में विधायक के हाथ होने का आरोप रेप पीडिता के परिजनों ने भी लगाया है।
भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, उसके भाई मनोज सिंह सेंगर और 8 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या की साजिश को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। इस हादसे में घायल उन्नाव रेप पीड़िता और उनके वकील के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाये जाने की बात लखनऊ प्रशासन ने कही है। साथ ही कहा है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी और मामले के दोषियों को कड़ी सजा सुनिश्चित की जाएगी।
आपको बता दें कि रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर पीड़िता की कार से एक ट्रक टकरा गया था। दुर्घटना में उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता और उसके वकील महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना में पीड़िता की चाची और अन्य एक महिला की मौत हो गई। यह सभी दुष्कर्म पीड़िता के चाचा से मिलकर वापस आ रहे थे, जो जालसाजी के मामले में रायबरेली जेल में बंद है। ट्रक के मालिक देवेंद्र सिंह और चालक आशीष पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।