नई दिल्ली: देश के कुछ राज्यों में भारी बारिश से बाढ़ की समस्या खड़ी हो गई है, तो वहीं कुछ राज्य सूखे की मार झेल रहे हैं। गुजरात में लोग बारिश के लिए तरस रहे हैं। इसी के चलते गुजरात के दाहोद में महिलाओं ने इंद्र देव को खुश करने के लिए हाथ में तलवार और लाठी डंडे लेकर हनुमान मंदिर तक पैदल यात्रा की। इस दौरान महिलाओं ने स्थानीय भाषा में मंगल गीत भी गाए। महिलाओं का मानना है कि इस प्रयास से बारिश होने लगेगी।
गुजरात के दाहोद में पानी न बरसने की वजह से ग्रामीण बहुत परेशान हैं। पेयजल की समस्या भी आ रही है। इसी के चलते महिलाओं ने वरुणदेव या मेघराजा को भी रिझाने का प्रयास किया। ये आस्था का विषय माना जाता है। ये महिलाएं गांव के अति प्राचीन हनुमानजी के मंदिर गई और राहगीरों से लूटे गए रुपये को हनुमानजी की प्रतिमा पर चढ़ाकर उन्हें खुश करने का प्रयास किया।
महिलाएं दो दिनों तक लगातार मन्दिर जाती है। पहले दिन हनुमानजी की प्रतिमा को गाय के गोबर से लीपा जाता है। अगले दिन पानी से प्रतिमा को नहला कर जलाभिषेक किया जाता है। पूजाअर्चना की जाती है। अपनी गलतियों की माफी मांगते हुए प्रार्थना की जाती है। लोगों का मानना है कि ये तरीका परम्परागत चला आ रहा है। ऐसा करने से बारिश हो जाती है।