मुरादाबाद: अक्सर लोग अस्पतालों में अपना इलाज कराने पहुंचते हैं, लेकिन इस बार अस्पताल से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। दरअसल, मुरादाबाद के जिला अस्पताल में एक निकाह पढ़ा गया है।
दरसल, एक लड़का प्रेमप्रसंग के चलते लड़की को अपने साथ भगाकर ले गया था। पकड़े जाने पर लड़की के परिजनों ने लड़की-लड़के की जमकर पिटाई कर दी थी। लड़के के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जब दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया तो लड़की का निकाह अस्पताल में ही करा दिया गया।
मुरादाबाद जिला अस्पताल में निकाह के समय गवाह के रूप में लड़के के चाचा मोहम्मद शफी मौजूद थे। उन्होंने खुलासा करते हुए कहा कि लड़का लड़की को लेकर चला गया था। जब वो मिल गए तो उसके बाद लड़के को मारा-पीटा गया फिर पुलिस केस भी किया गया।
लड़की पक्ष की ओर से निकाह के बाद ही सब विवाद खत्म होने की बात रखी गई। इस पर लड़के वाले राजी हो गए और काजी को बुलाकर अस्पताल में ही लड़की और लड़के का निकाह करा दिया गया। निकाह में मैहर की 50000 की रकम रखी गई और गवाहों के हस्ताक्षर कराए गए।