टैक्स कलेक्शन से हताश इमरान ने कहा – ऐसे कभी तरक्की नहीं कर पायेगा पाकिस्तान
नई दिल्ली : पाकिस्तान में एक बड़ी समस्या है टैक्स कलेक्शन। इसी को लेकर प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि अगर देश इसी तरह से चलेगा तो पाकिस्तान कभी तरक्की नही कर पाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर राजस्व को बढ़ाने के लिए कोई कदम नही उठाए गए तो देश आर्थिक तंगी से गुज़र सकता है।
पाकिस्तान की टैक्स कलेक्शन की समस्या
पाकिस्तान की टैक्स कलेक्शन की समस्या होने के बावजूद भी लोग कर चुकाने के लिए आगे नही आ रहै हैं । हालांकि सरकार ने इसके लिए काफी कोशिश भी है, लेकिन नाकामी का सामना करना पड़ा है। वहीं इमरान खान ने एफबीआर को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान रेवेन्यू अथॉरिटी की योजना एफबीआर के परामर्श से ही प्लान लागू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर लोगों को विश्वास हो जाए कि उनके टैक्स का पैसा शासकों की आलीशाना जीवनशैली के बजाय कल्याणकारी कार्यों में खर्च किया जाएगा, तो वह टैक्स ज़रूर भरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता पर खर्च करने के लिए सरकार के पास पैसा नही है, क्योंकि उसे विरासत में राजस्व घाटा मिला था।
राजस्व वसूली के लिए 5.5 ट्रिलियन रूपए का लक्ष्य
बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने राजस्व वसूली के लिए 5.5 ट्रिलियन रूपए का लक्ष्य रखा है। यह लक्ष्य अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष की शर्तों को मद्देनज़र रखते हुए सरकार ने 2019-20 के लिए रखा है। इसके साथ ही इमरान खान ने कहा कि टैक्स को कलेक्ट करना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है और कानूनी तरीके से पैसों को कमाना कोई गलत बात नही है। उन्होंने यह भी कहा कि धन के बिना देश को आगे नही बढ़ाया जा सकता है। इसीलिए पाकिस्तान में कारोबार को बढ़ावा देना ही होगा।
इमरान खान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान चैरिटी में आगे और टैक्स भरने में अनिच्छुक हैं। वर्ल्ड बैंक की ईज आफ डूइंग में पाकिस्तान की रैकिंग को लेकर इमरान खान ने संतुष्टि जताई है। साथ ही साथ इमरान ने यह भी कहा कि देश को पुरानी सरकारों की तर्ज़ पर नही चलाया जा सकता।