नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोनभद्र हत्याकांड के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। सोनभद्र में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर 10 लोगों की जान चली गई थी। अब जबकि योगी आदित्यनाथ सोनभद्र पहुंचे तो इस पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने टिप्पणी की है।
उप्र के माननीय मुख्यमंत्री के सोनभद्र जाने का मैं स्वागत करती हूँ। देर से ही सही, पीड़ितों के साथ खड़ा होना सरकार का फर्ज़ है। अपना फर्ज़ पहचानना अच्छा है।
उम्भा को लम्बे समय से न्याय की प्रतीक्षा है। अपेक्षा है उम्भा के पीड़ितों को न्याय मिलेगा और उनकी 5 माँगो को माना जाएगा।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 21, 2019
प्रियंका गांधी ने सीएम योगी के सोनभद्र जाने पर ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के सोनभद्र जाने का मैं स्वागत करती हूं। देर से ही सही, पीड़ितों के साथ खड़ा होना सरकार का फर्ज है। अपना फर्ज पहचानना अच्छा है। उम्भा को लम्बे समय से न्याय की प्रतीक्षा है। अपेक्षा है उम्भा के पीड़ितों को न्याय मिलेगा और उनकी 5 मांगों को माना जाएगा।’
बता दें कि सोनभद्र नरंसहार के बाद प्रियंका गांधी भी सोनभद्र हत्याकांड में पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन मिर्जापुर में उनके काफिले को रोक लिया गया। तब से प्रियंका गांधी पीड़ितों के परिजनों से मिलने की जिद में धरने पर बैठ गई थीं। 26 घंटे बाद अपने धरने पर विराम लगाते हुए प्रियंका ने कहा है कि उनका मकसद पूरा हो गया है।
बता दें कि शनिवार को पीड़ित परिवारों के 15 सदस्य खुद प्रियंका से मिलने के लिए चुनार गेस्ट हाउस किले में पहुंचे थे, जहां केवल दो लोगों को ही प्रियंका से मिलने के लिए इजाजत दी गई। परिजनों से मिलने के बाद प्रियंका भावुक हो गई थीं। पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद एक बार फिर प्रियंका धरने पर बैठ गई थीं। हालांकि, बहुत समझाने के बाद अब कांग्रेस महासचिव ने अपना धरना खत्म कर दिया है। धरना खत्म करने के बाद प्रियंका ने कहा कि उनका मकसद पूरा हो गया है।