जनतंत्र डेस्क Arvind Kejriwal: भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत उगो अस्तुतो ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और कोविड-19 के खिलाफ तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान यूरोपीय संघ के राजदूत ने दिल्ली में कोविड को नियंत्रण में रखने के केजरीवाल सरकार के प्रयासों की सराहना की।
यूरोपीय संघ के राजदूत उगो अस्तुतो और सीएम केजरीवाल ने मुलाकात में प्रदूषण और कोविड 19 पर हुए सीरो सर्वे पर चर्चा की। इस दौरान सभी के टीकाकरण पर फोकस किया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली के अंदर प्रदूषण बढ़ाने वाले स्रोतों को कम करने में काफी प्रगति की है। वृक्षारोपण पॉलिसी, ईवी पॉलिसी, उद्योगों को पीएनजी से चलाने और कोयले के पावर प्लांटों को बंद करने से प्रदूषण को कम करने में मदद मिली है।
‘दिल्ली में ग्रीन कवर क्षेत्र बढ़ा’
सीएम केजरीवाल ने कहा, दिल्ली उन चुनिंदा शहरों में से एक है, जहां विकास को बढ़ावा देने के बावजूद ग्रीन कवर क्षेत्र बढ़ रहा है। वहीं, राजदूत उगो अस्तुतो ने कहा कि, यूरोप भी प्रदूषण से लड़ने में इसी तरह की चुनौतियों का सामना कर रहा है और दिल्ली के सामने आने वाली मुश्किलों को समझता है।
‘सीरो सर्वे में बेहतर रिजल्ट’
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि, सीरो सर्वे से शानदार परिणाम आए हैं। दिल्ली में कई जगह सर्वे हुआ, जिसमें हमें यह पहचानने में मदद मिली कि, कितने प्रतिशत नागरिकों ने कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित कर ली है। सीरो सर्वे में पाया कि दिल्ली के 96 फीसद लोगों ने कोविड-19 से लड़ने के लिए एंटीबॉडी विकसित कर ली है। हम अपने वैक्सीनेशन कार्यक्रम पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।