नई दिल्लीः Ranjit Singh Murder: जेल में बंद डेरा प्रमुख राम रहीम पर चल रहे रंजीत सिंह हत्या मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। इस मामले मे सीबीआई कोर्ट ने राम रहीम समेत पांच लोगों को दोषी करार दिया। फिलहाल राम रहीम सुनारिया जेल में बंद है। इस फैसले के बाद CBI की विशेष अदालत 12 अक्टूबर को सभी दोषियों की सजा का ऐलान करेगी। मामले में आरोपी डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम और कृष्ण कुमार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। वहीं आरोपी अवतार, जसवीर और सबदिल प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट में पेश हुए।
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों को दोषी करार दिया। ये मामला 19 साल पुराना है 12 अगस्त 2021 को बचाव पक्ष की अंतिम बहस पूरी हो गई थी। सीबीआई जज डॉ. सुशील कुमार गर्ग की अदालत में करीब ढाई घंटे बहस के बाद आरोपियों को दोषी करार कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- Lakhimpur Update: हिंसा मामले में दो गिरफ्तार, घटनास्थल से मिले खाली कारतूस
हत्या के एक साल बाद सीबीआई जांच की मांग
10 जुलाई 2002 का दिन, जब डेरे की प्रबंधन समिति के सदस्य रहे कुरुक्षेत्र के रणजीत सिंह का मर्डर हुआ था। दरअसल, डेरा प्रबंधन को शक था कि रणजीत सिंह ने साध्वी यौन शोषण की गुमनाम चिट्ठी अपनी बहन से ही लिखवाई थी। पुलिस जांच से असंतुष्ट रणजीत के पिता ने जनवरी 2003 में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी। सीबीआई ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों पर केस दर्ज किया था।
गुरमीत राम रहीम को साध्वियों से यौन शोषण के मामले में पहले ही 20 साल की सजा हो चुकी है। वहीं, पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम उम्रकैद की सजा सुनारिया जेल में काट रहा है। राम रहीम को इससे पहले सीबीआई जज रहे जगदीप सिंह ने सजा सुनाई थी।