नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं तो मौसम से जुड़ी यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। दो दिन बाद दिल्ली-एनसीआर के मौसम में फिर बदलाव आएगा और 7 अप्रैल को जबरदस्त धूल भरी आंधी चलेगी। इससे लोगों को दिक्कत पेश आएगी। पिछले सप्ताह भी 3-4 दिन तक धूल भरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया था। ऐसे में 7 अप्रैल को चलने वाली धूल भरी आंधी से लोगों को बचने की जरूरत है। लोगों को चाहिए वह न केवल मुंह और नाक को ढंककर रखें, बल्कि आंखों को भी बचाएं, क्योंकि धूल दिक्कत कर सकती है।
Corona Aleart: महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमाएं सील, पीएम मोदी आज करेंगे बैठक
मौसम में उतार चढ़ाव
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में मौसमी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। इस कड़ी में सोमवार को भी सुबह मौसम में ठंडक रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से तीन दिन तक आकाश में बादल छाए रहेंगे और तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, सात अप्रैल को तेज आंधी चल सकती है। 8 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच आकाश साफ रहेगा। उस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बढ़ रही है गर्मी
इससे पहले राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। फिर भी न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। इसलिए सुबह में हल्की ठंड महसूस की गई। वहीं दोपहर में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस वजह से दोपहर में गर्मी रही।