नई दिल्ली: आज के समय में अधिकतर काम कंप्यूटर से ही किए जाते हैं। आज के समय में कम ही लोग होंगे, जो कंप्यूटर चलाना नहीं जानते या कंप्यूटर पर काम नहीं करते। ऐसे में हम रोज कीबोर्ड पर किटिर-पिटिर करते रहते हैं, लेकिन शायद ही कोई ये जानता हो कि कीबोर्ड पर सारे अक्षर क्रम में क्यों नहीं होते। चलिए आपको बताते हैं कि कीबोर्ड पर सारे अक्षर क्रम में क्यों नहीं होते?
कंप्यूटर का आविष्कार चार्ल्स बैबेज नामक एक प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रोफेसर ने 19वीं सदी में किया था। इसलिए उन्हें ‘कंप्यूटर का पिता’ भी कहा जाता है। आपने देखा होगा कि कीबोर्ड और मोबाइल के कीपैड में शुरुआती अक्षर क्वार्टी (QWERTY) से शुरू होते हैं। क्वार्टी की रूपरेखा क्रिस्टोफर शॉल्स ने तैयार की थी। सबसे पहले साल 1874 में जो टाइपराइटर आया उसमें शब्दों का इस्तेमाल इसी तरह था। उस समय इसे रेमिंग्टन-1 के नाम से जाना गया।
बताया जाता है कि जब शॉल्स शब्दों की पद्धती और क्रम का निर्धारण कर रहे थे तो उन्होंने यह पाया की जब क्रम को सीधा रखा गया तो बटन जाम हो रहे थे और एक के बाद एक होने की वजह से दबाने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा था। उस समय टाइपराइटर में बैकस्पेस का बटन नहीं होता था। यही वजह है कि कीबोर्ड में क्वार्टी (QWERTY) शब्दों का इस्तेमाल शुरू किया गया, ताकि टाइप करने में आसानी हो सके।