नई दिल्ली: ऑस्ट्रिया ने कट्टरपंथ के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। वियना (Vienna) में हुए आतंकी हमले के बाद ऑस्ट्रिया ने ‘कट्टरपंथी मस्जिदों’ को बंद करने का आदेश दिया है। वियना में छह अलग-अलग स्थानों पर हुए हमलों में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 13 लोग घायल हो गए थे। समाचार एजेंसी एएफपी की खबर के मुताबिक ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने ‘कट्टरपंथी मस्जिदों’ को बंद करने का फैसला लिया है।
ऑस्ट्रिया के वियना शहर में हुई गोलीबारी में आतंकी संगठन का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्री कार्ल नेहमर ने कहा, ‘वियना में पुलिस की गोली से मारा गया संदिग्ध बम बेल्ट पहने हुए था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह आईएस का आंतकवादी था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया में हुए आतंकी हमले पर शोक जाहिर किया था। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत अपने दोस्त ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है।
आतंकी हमले में 4 लोगों की हत्या
इससे पहले फ्रांस के दक्षिणी शहर नीस और पेरिस में चाकू से हमला कर 4 लोगों की हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद से फ्रांस आतंकी घटनाओं को लेकर हाई अलर्ट पर है. वियना की घटना पर दुख जाहिर करते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि उनका देश ऑस्ट्रियाई लोगों के दुख की घड़ी में उनके साथ हैं।