जनतंत्र डेस्क America: अमेरिका के टेक्सास में एक म्यूजिक शो में भगदड़ मच गई। जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 300 लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। घटना के वक्त शो में रैपर ट्रैविस स्कॉट परफॉर्म कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक टेक्सास में एस्ट्रोवर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल चल रहा था। इस दौरान अचानक भगदड़ मच गई। जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है, शो देखने के लिए करीब 50 हजार लोग जमा हुए थे। शो के दौरान भारी भीड़ स्टेज की तरफ बढ़ने लगी। जिसे देख लोग घबराने लगे और धक्का मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोग भागने लगे। देखते ही देखते हालात भगदड़ जैसे हो गए और म्यूजिकल फेस्टिवल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, बताया जा रहा है इस दौरान कुछ लोगों को हार्ट अटैक भी आया है। वहीं, घटना में मरने वाले 8 लोगों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस म्यूजिक शो के वीडियो देखकर भी तफ्तीश में जुट गई है।