जनतंत्र डेस्क Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधानसभा चुनावों के मंथन और तैयारियों का जायजा लेने यूपी की राजधानी लखनऊ पहुंचे। इस दौरान अमित शाह ने डिफेंस एक्सपो में बीजेपी के सदस्यता अभियान का भी शुभारंभ किया। इस मौके पर शाह ने कार्यकर्ताों को संबोधित करते हुए उन्हें 2022 विधानसभा चुनाव में जीत का संकल्प दिलवाया।
अमित शाह ने चुनाव अभियान का आगाज लखनऊ से कर दिया है। 2022 विधानसभा चुनावों में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरा जोर लगा रही है। चुनावों से पहले जहां प्रधानमंत्री मोदी यूपी पर सौगातों की बौछार कर रहे हैं। तो वहीं अमित शाह कार्यकर्ताओं को जनता की नब्ज टटोलने की जिम्मेदारी दे दी। अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से दोनों हाथ उठवाकर भारत माता की जय का नारा लगवाया। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आज किसी की हिम्मत नहीं है पलायन कराने की।
Amit Shah: बाहुबली नजर नहीं आता
विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि, पहले हर जिले में दो-तीन बाहुबली थे लेकिन आज दूरबीन लेकर भी देखता हूं तो कोई बाहुबली नजर नहीं आता। शाह ने दावा किया कि, आज 16 साल की बच्ची भी गहने लादकर रात 12 बजे भी स्कूटी पर निकल सकती है। समाजवादी पार्टी पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि, अखिलेश जी ये हिसाब उत्तर प्रदेश की जनता को दीजिए कि पिछले 5 साल में आप विदेश कितने दिन रहे? बीते दिनों कोरोना आया, यूपी में बाढ़ आई, आप कहां थे? इसका हिसाब दे दीजिए। इन लोगों ने शासन खुद के लिए, परिवार के लिए और अपनी जाति के लिए किया है।