जनतंत्र डेस्क, Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक बस नाले में जा गिरी। इस हादसे में बस सवार 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है बस में 30 यात्री सवार थे। यह बस स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की थी। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोग घायल सवारियों को बाहर निकालने में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोदावरी में एक बस जलेरू वागु नहर में जा गिरी। हादसा जंगारेड्डीगुडेम मंडल के जिलेरुवागु में हुआ है। बस अश्वरावपेट मंडल से जंगारेड्डीगुडेम मंडल की तरफ जा रही थी और यह स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की थी। बताया जा रहा है यह हादसा लॉरी से बचने के चक्कर में हुआ।
स्थानीय पुलिस प्रशासन के मुताबिक, APSRTC की बस जलेरू नदी के पार एक पुल पर विपरीत दिशा में आ रही थी। इसी दौरान एक लॉरी से बचने के लिए बस चालक ने अपना रास्ता बदलने की कोशिश की। जिससे बस पुल की रेलिंग से टकराकर 25 फीट नीचे नाले में जा गिरी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया, अब तक पांच महिला यात्रियों समेत 9 शव बरामद किए हैं। मौके पर राहत और बचाव का कार्य जारी है।