लखनऊ : पिछले साल कोरोना के कारण प्रभावित हुईं सेना भर्ती रैली से निराश युवकों के लिए यह वर्ष उम्मीदों भरा होगा। सेना इस वित्तीय वर्ष में यूपी व उत्तराखंड में 10 भर्ती रैली आयोजित करेगी। जिसमें सात भर्ती रैली यूपी और तीन रैली उत्तराखंड में होंगी। इस बार महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती रैली की संभावित तिथि भी तय कर दी गई है। यूपी व उत्तराखंड की महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती लखनऊ 12 से 20 सितंबर तक होगी। सेना भर्ती मुख्यालय ने यूपी व उत्तराखंड सहित देश के सभी 16 भर्ती जोन की साल में होने वाली भर्ती रैली की तिथि और स्थान तय कर दिया है।
पश्चिमी विक्षोभ के बाद दिल्ली यूपी सहित इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
10 भर्ती रैली के दिए आदेश
सेना हर साल भर्ती दो कैलेंडर में बांटकर करती थी। छह महीने का पहला कैलेंडर एक अप्रैल से 30 सितंबर तक जबकि दूसरा कैलेंडर एक अक्टूबर से 31 मार्च तक होता था। पिछले साल कोरोना के कारण दोनो भर्ती कैलेंडर की अधिकांश रैली को स्थगित करना पड़ा। महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती को लेकर भी संशय बना रहा। इस बार सेना अधिक युवाओं को भर्ती रैली में शामिल होने का अवसर देने के लिए पुख्ता तैयारी कर रही है। सैनिक जीडी, ट्रेड्समैन, एसकेटी, सैनिक क्लर्क जैसे पदों की भर्ती के लिए सभी राज्यों के जोनल मुख्यालयों को सेना मुख्यालय ने पत्र जारी कर दिया है।
यूपी व उत्तराखंड मुख्यालय लखनऊ को भी 10 भर्ती रैली की तैयारियों के आदेश दिए गए हैं। हर सेना भर्ती कार्यालय अपने अधीन आने वाले 13 से 15 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए तय स्थान पर रैली आयोजित करेगा।
दो राज्यों के अभ्यर्थी को मिलेगा मौका
सेना की वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र इसी माध्यम से भेजे जाएंगे। भर्ती मुख्यालय के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के मुताबिक दोनों राज्यों के करीब आठ लाख अभ्यर्थी ऑनलाइन भर्ती रैली के लिए आवेदन करेंगे। पुलिस व जिला प्रशासन से संपर्क कर अब संबंधित सेना भर्ती कार्यालय अपनी रैलियों को आयोजित करने की तैयारी करेंगी।