जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: जहां कृषि कानूनों की वापसी के बाद हर कहीं खुशी और जश्न का माहौल है। वहीं, ऐसे मौके पर भी अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी अजीबोगरीब और विवादित टिप्पणियों से बाज नहीं आई। अपने विवादित बयानों में एक और पन्ना जोड़ते हुए कंगना ने कृषि कानून वापसी को शर्मनाक बताया।
ट्विटर पर बैन कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कृषि कानून वापस लिए जाने पर विवादित टिप्पणी कर दी। केंद्र सरकार के फैसले से भड़की कंगना ने लिखा कि, ”अगर संसद में चुनी हुई सरकार के बदले सड़कों पर लोगों ने कानून बनाना शुरू कर दिया तो यह एक जिहादी राष्ट्र है। उन सभी को बधाई जो ऐसा चाहते थे।” उन्होंने कृषि कानूनों की वापसी को दुखद और शर्मनाक बताया।
कानून वापसी पर इन सेलेब्स ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आज सुबह कृषि के तीन कानूनों को वापस लेने की घोषणा की। जिसके बाद विपक्ष ने भी इस पर खुशी जताई। वहीं, फिल्मी सितारें भी इस केंद्र के इस फैसले का स्वागत करते हुए प्रतिक्रिया दी।
एक्ट्रेस गुल पनाग ने पीएम का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, ‘काश ये गतिरोध इतना लंबा नहीं खिंचता, इसकी वजह से कई जानें गईं, प्रदर्शनकारियों को बदनाम किया गया। इसे भविष्य की सरकारों के लिए एक सबक होने दें कि वे सुधार लाते समय सभी हितधारकों के साथ जुड़ें।
तापसी पन्नू, ऋचा चड्ढा, हिमांशी खुराना सहित कई सेलेब्स ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
सोनू सूद ने ट्वीट कर लिखा, ‘ये अद्भुत खबर है। मोदी जी का धन्यवाद। किसानों का शुक्रिया जिन्होंने शांति से विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों को उठाया। उम्मीद है अब आप खुशी-खुशी अपने परिवार के पास गुरु पर्व के मौके पर वापस लौटेंगे।‘