Bypoll Election Result: 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर 30 अक्टुबर को चुनाव हुए थे। जिसके नतीजों में हिमाचल में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है।
जनतंत्र डेस्क Bypoll Election Result: हिमाचल में कांग्रेस ने बीजेपी को तगड़ा झटका दिया है। कांग्रेस ने हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट बीजेपी से छीन ली है। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट और तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने बीजेपी के रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोटों से हराया। इसी तरह अर्की विधानसभा सीट पर कांग्रेस के संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई सीट पर रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट पर कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया ने जीत दर्ज की।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों से पहले 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर 30 अक्टुबर को चुनाव हुए थे। जिसके नतीजों में हिमाचल में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर दिखा। उपचुनाव से पहले मंडी लोकसभा सीट और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट बीजेपी के पास थी। वहीं अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास थीं।
पश्चिम बंगाल में TMC लहर
बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर मतदान हुए थे। नतीजों में सत्ताधारी पार्टी ने चारों सीटों पर जीत हासिल की है। यहां दिनहाता, शांतिपुर, गोसाबा और खरदाह सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की।