जनतंत्र डेस्क Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक CRPF जवान ने अपने ही साथी जवानों पर फायरिंग कर दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई। जबकि 3 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल जवानों को रायपुर अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सुकमा जिले के मरईगुड़ा के लिंगनपल्ली कैम्प में किसी बात को लेकर CRPF के 50वी बटालियन के जवानों के बीच झगड़ा हो गया था। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक जवान ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जिसमें 4 जवानों की मौत हो गई। वहीं, घायल जवानों को चॉपर से रायपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है।
पहले भी साथी जवानों से हुआ था विवाद
बताया जा रहा है आरोपी जवान का पहले भी अपने साथियों से विवाद हुआ था। गोलीबारी का कारण आपसी रंजिश और मानसिक संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। वहीं, फायरिंग में मारे गए 2 जवान बिहार के रहने वाले थे, जबकि 1 पश्चिम बंगाल का निवासी था। चौथे जवान को लेकर अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं, इस घटना को लेकर प्रशासन के उच्च अधिकारियों की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है।