जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: चीन में बड़ा विमान हादसा हो गया है। चीन के गुआंक्सी प्रांत में चाइना ईस्टर्न एयरलाइन्स का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। विमान में 132 यात्री सवार थे। विमान पहाड़ों के बीच जंगल में गिरा है और गिरते ही घटनास्थल पर आग लग गई। जिससे हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक, बोइंग 737 जेट एक पर्वतीय इलाके में गिरा है। विमान में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य थे। हादसे की वजह के बारे में भी फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। राहत और बचावकर्मी दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।
बताया जा रहा है विमान वूजो प्रांत के टेंग जिले में गिरा है। फ्लाइटरडार 24 के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 737-800 विमान छह साल पुराना था। चीन के सिविल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा है कि वुजो के ऊपर उड़ते वक्त विमान का संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया था। हादसे के दौरान विमान टुकड़े-टुकड़े हो गया। विमान में लगी आग से हादसे की जगह पर मौजूद बांस और पेड़ों में आग लग गई है।