जनतंत्र डेस्क Delhi: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। आतिशी ने बीजेपी की ओर से भ्रष्टाचारी पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई करना और उन्हें निलंबित करना सिर्फ एक दिखावा बताया है। उन्होंने कहा कि, भ्रष्टाचार के चलते बीजेपी से छह साल के लिए निलंबित पार्षद संजय ठाकुर पर भाजपा के सांसदों को गर्व है। बीजेपी ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद 19 सितंबर को संजय ठाकुर समेत तीन पार्षदों को महज एक दिखावे के तौर पर पार्टी से बर्खास्त किया था।
वायरल हो रहा है। वीडियो छठ पूजा का है। जिसमें सभी सांसद संजय ठाकुर की ओर से आयोजित छठ आयोजन में शामिल हुए और संजय ठाकुर का गुणगान किया। अब इस पर ‘आप’ विधायक ने बीजेपी को घेरा है। विधायक आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि, एमसीडी की बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा को पार कर चुकी है। दिल्ली की जनता से जब आप एमसीडी की फुल फॉर्म पूछेंगे तो आधे से ज्यादा लोग ‘मोस्ट करप्ट डिपार्टमेंट’ बताएंगे। बीजेपी के पार्षद पैसे की उगाही करने के लिए जादुई रूप से प्रकट हो जाते हैं।
‘भ्रष्टाचारी पार्षदों पर नाम मात्र का एक्शन’
आतिशी ने कहा कि, बीजेपी के पार्षद इतना भ्रष्टाचार करते हैं तो उनको नाम मात्र के लिए एक्शन लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी ने 19 सितंबर को भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अपने तीन पार्षदों को पार्टी से बर्खास्त किया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के 71 एस शैदुला वार्ड के पार्षद संजय ठाकुर को बर्खास्त किया। संजय ठाकुर के भ्रष्टाचार के बारे में बीजेपी कितनी संजीदा है, यह कुछ दिन पहले छठ के अवसर पर देख लिया। संजय ठाकुर के छठ आयोजन में बीजेपी के तीन सांसद आए।
विधायक आतिशी ने फोटो दिखाते हुए कहा कि संजय ठाकुर इस कार्यक्रम में मनोज तिवारी का स्वागत कर रहे हैं। इससे भाजपा ने जो थोड़ा सा भी मुखौटा पहना था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के बारे में गंभीर हैं, वह भी आज उतर गया है।