नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हर रोज संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है लेकिन इसके बावजूद बहुत से ऐसे लोग हैं जो लापरवाही बरत रहे हैं। यहां तक कि मेट्रो में सफर करने के दौरान मास्क नहीं लगा रहे हैं और कोरोना नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे लोग खुद और दूसरों के लिए भी परेशानी का सबब बन रहे हैं। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) अभियान चला रहा है। मास्क नहीं लगाने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
CM Yogi Corona: मुख्यमंत्री हुए कोरोना संक्रमित, खुद को किया था आइसोलेट
ट्वीट कर दी जानकारी
डीएमआरसी ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली मेट्रो के फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने 13 अप्रैल को विभिन्न मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो के अंदर अभियान चलाया। इस दौरान 422 यात्रियों को फेस मास्क ठीक से न पहनने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करने के लिए दंडित किया गया। ठीक तरीके से मास्क न पहनने के आरोप में 422 यात्रियों से 200-200 रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसलिए लग रहा है जुर्माना
बता दें कि कोरोना संक्रमण को लेकर दिल्ली मेट्रो में नियम सख्त हैं। मास्क नहीं पहनने पर दौ सौ रुपये का चालान किया जाता है। इसका सख्ती से पालन भी किया जा रहा है। यात्रा नियमों का उल्लंघन करने पर पहले यात्रियों को समझाने के बाद छोड़ दिया जाता था लेकिन अब जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके बावजूद बहुत से लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ठीक से मास्क भी नहीं लगा रहे हैं।
दिल्ली सरकार हुई सख्त
कोरोना नियमों का पालन करवाने के लिए दिल्ली सरकार भी सख्त रवैया अपना रही है। मास्क नहीं लगाने वालों से दो हजार रुपये वसूला जा रहा है। डीटीसी की बसों में बिना मास्क के एंट्री तक नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री लगातार लोगों से कोरोना नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद बाजारों और अन्य जगहों पर बहुत से लोग लापरवाही बरत रहे हैं।