जनतंत्र डेस्क Delhi: साइबेरिया, यूरोप और चीन में तापमान बढ़ने के कारण प्रवासी पक्षी भारत का रुख कर रहे है। सर्दी का मौसम शुरू होते ही देश में प्रवासी मेहमान आने लगे हैं। दिल्ली के वजीराबाद में स्थित यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क में विदेशी पक्षी हजारों मील दूर से चले आए हैं।
यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क में प्रवासी परिंदों के आने के बाद यहां का वातावरण मनोरम हो गया है। पार्क में पक्षियों की चहचहाहट गूंजने लगी। ये प्रवासी पक्षी सर्दियां खत्म होते ही वापस अपने घर को लौट जाते हैं। दरअसल, इस वक्त कई देशों में तापमान बढ़ रहा है। जिसका कारण जलवायु परिवर्तन माना जा रहा है। वहीं, इसका एक वजह दुनियाभर में बढ़ता प्रदूषण भी है।
Delhi: हर साल आती हैं 30-35 प्रजातियां
पर्यावरणविद् और पार्क अधिकारी फैयाज अहमद खुदसर के मुताबिक, साइबेरियाई पक्षी सर्दियों की शुरूआत के साथ ही यूरोप और साइबेरिया से उड़ते हुए भारत पहुंचते हैं। पिछले कुछ सालों से जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के कारण, पक्षियों के प्रवास में कमी आई है। लेकिन दिल्ली का यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क साइबेरियाई पक्षियों के लिए प्रमुख स्थलों में से एक है। पार्क का वातावरण इन पक्षियों के अनुकूल है। सर्दी के मौसम में यहां यूरोप, साइबेरिया, मध्य एशिया और चीन से प्रवासी पक्षियों की कम से कम 30-35 प्रजातियां आती हैं। जिनमें से ग्रेट कॉर्मोरेंट और टफ्टेड डक यहां पहुंच चुके हैं।