जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: राजनीति से ज्यादा अपनी अंग्रेजी को लेकर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस सांसद शशि थरूर की क्लास केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने लगा दी है। ये क्लास भी अंग्रेजी की ही है। रामदास अठावले ने शशि थरूर की अग्रेंजी में गलती निकालते हुए उनको सही अंग्रेजी लिखने का पाठ पढ़ाया।
लखीमपुर हिंसा के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को मिली जमानत
दरअसल, शशि थरूर ने बजट सत्र की एक तस्वीर को ट्विटर पर शेयर करते हुए अठावले पर तंज कसा था। जिस पर अठावले ने थरूर को सही से अंग्रेजी लिखने की सलाह दे दी। थरुर अग्रेजी बोलने और लिखने के लिए सोशल मीडिया पर चर्चा में बने रहते हैं। लेकिन इस बार ट्वीट लिखने में उनसे चूक हो गई।
शशि थरूर ने लोकसभा में भाषण देने के बाद ट्विटर पर रामदास अठावले की तस्वीर शेयर करते हुए बजट पर तंज कसा था। थरूर ने लिखा कि करीब दो घंटे तक बजट पर भाषण के बाद मंत्री रामदास अठावले की तस्वीर सब कुछ बोल रही है। उन्होंने लिखा कि तस्वीर देखकर आप समझ गए होंगे कि मंत्री को भी बजट समझ नहीं आया। हालांकि, थरूर ने इस ट्वीट में बजट की स्पेलिंग गलत लिख दी।
जिस पर केंद्रीय मंत्री अठावले ने रिप्लाई किया कि शशि थरूर जी, आपके ट्वीट में कई सारी गलतियां है। जैसे- Bydgut और Rely की जगह Budget और Reply होगा। अठावले का यह ट्वीट सोशल मीडिया में अब चर्चा का विषय बन गया है।
ट्विटर पर सबसे पहले आए और अंग्रेजी से छाए
शशि थरूर के बारे में कहा जाता है कि वे ट्विटर पर आने वाले सबसे पहले नेताओं में से हैं। ट्विटर पर वे अक्सर अंग्रेजी के कठिन शब्द लिखने के लिए चर्चा में रहते हैं। एक बार कांग्रेस सांसद थरूर ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए Allodoxaphobia यानी ‘विचारों का बेवजह डर’ शब्द का प्रयोग किया था। जिसके बाद थरूर के इस शब्द को लोगों ने डिक्शनरी में ढूंढना शुरू कर दिया था। हालांकि, बाद में खुद उन्होंने इसका अर्थ बताया था। थरूर इसके अलावा farrago (कन्फ्यूज्ड मिक्सचर) और troglodyte शब्द लिखने को लेकर भी चर्चा में आ चुके हैं।