जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने DRDO के एक वैज्ञानिक को गिरफ्तार किया है। पहले रोहिणी कोर्ट ब्लास्ट को आंतकी साजिश माना जा रहा था लेकिन पुलिस की जांच में मामले से पर्दा उठा तो रक्षा वैज्ञानिक ही आरोपी निकला। बताया जा रहा है गिरफ्तार साइंटिस्ट ने अपने पड़ोसी को खत्म करने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
”शीना बोरा जिंदा है, CBI कश्मीर जाकर उसकी तलाश करे”
दिल्ली की रोहिणी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में इसी दिसंबर महीने की 9 तारीख को कम तीव्रता वाला ब्लास्ट हुआ था। ये ब्लास्ट कोर्टरूम नंबर 102 के भीतर हुआ था। जिसमें एक शख्स जख्मी हो गया था। आतंकी साजिश मानते हुए ब्लास्ट मामले की जांच शुरू हुई। 47 साल के आरोपी भारत भूषण कटारिया को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। भारत भूषण कटारिया डिफेंस रिसर्च ऐंड डिवेलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) में सीनियर साइंटिस्ट है।
बैग छोड़कर कोर्टरूम से निकला था आरोपी
बताया जा रहा है ब्लास्ट वाले दिन भारत भूषण वकील के भेष में दो बैग लेकर अंदर घुसा था। एक बैग के अंदर टिफिन में विस्फोटक रखा था। जो भारत भूषण कोर्टरूम में छोड़ गया था। जबकि दूसरा बैग वह अपने साथ ले गया था। इस पूरे प्लान का मकसद था अपने एक पड़ोसी को जान से मारने का, जो उसी कोर्ट में वकालत करता है।
रिमोट कंट्रोल से ब्लास्ट
बताया जा रहा है रोहिणी कोर्ट में ब्लास्ट रिमोट से किया गया था। भारत भूषण और उसके पड़ोसी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। आपसी रंजिश के तहत भारत भूषण पड़ोसी को मारना चाहता था। दोनों एक ही बिल्डिंग में भी रहते हैं और दोनों ने एक दूसरे पर केस भी दर्ज करवा रखे हैं।