जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नॉर्थ जिला के सदर बाजार पुलिस थाने ने देश के सबसे बेस्ट पुलिस थाने का खिताब हासिल किया है। गृह मंत्रालय ने सदर थाना को बेस्ट पुलिस स्टेशन पुरस्कार दिया है। जिसे 19 नवंबर को गृह मंत्री (Home Minister) की तरफ से ट्रॉफी के रूप में सदर बाजार थाने के एसएचओ कन्हैया लाल यादव को दिया जाएगा। देशभर के थानों में से सदर बाजार थाना टॉप थ्री में स्थान बनाने में कामयाब रहा था। जिसके बाद कई मानकों में वो उड़ीसा और हरियाणा के थानों को पछाड़ता हुआ नंबर वन पुलिस थाना बना है।
31 दिसम्बर 1861 में दर्ज हुई थी पहली FIR
सदर थाना 160 साल पहले बनाया गया था। यहां पहला मामला 31 दिसम्बर 1861 को दर्ज किया गया था। जब दल्लू माली नाम का एक शख्स 7 रुपये के सरसों के तेल चोरी होने की शिकायत लेकर आए थे। तब से ही पुलिस थाने की इस बिल्डिंग को सवांरकर रखा गया है। हाल ही में गृह मंत्रालय की एक टीम ने इस थाने का कई बार निरीक्षण किया था और इस साल इस थाने को देश के सर्वश्रेष्ठ तीन थानों में एक चुना गया था।
हेरिटेज होटल से कम नहीं थाना
दिल्ली का सदर थाना अन्य थानों से बिल्कुल अलग है। इसमें बाहर विजिटर रूम है, जिसमे दिव्यांगों फरियादियों के लिए एक व्हीलचेयर है। सीसीटीवी कैमरों से पूरे थाने की निगरानी की जा रही है। साथ ही बच्चों के खेलने के लिए किड्स जोन भी है। इतना ही नहीं थाने में जिम और बैडमिंटन कोर्ट भी है। पैनल ने क्राइम रिकॉर्ड, साफ-सफाई, मेंटेनेंस जैसे तकरीबन 60 पैरामीटर को पार करने के बाद ही इसे चुना है।
टॉप 3 में ये पुलिस स्टेशन
पहले नंबर पर दिल्ली का सदर बाजार थाना तो दूसरा स्थान ओडिशा का गंगापुर गंजम थाना को मिला है। जबकि हरियाणा के भट्टू कलां फतेहाबाद थाने को तीसरा स्थान मिला है। टॉप थ्री थाने में शामिल होकर हरियाणा और ओडिशा थानों की पुलिस भी बेहद खुश है।