जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: अफ्रीकी देश केन्या भंयकर सूखे और अकाल से जूझ रहा है। भूख प्यास से लोग बेहाल हैं। लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित यहां जंगली जानवर हो रहे हैं। सूखे की मार झेल रहे केन्या से एक दिल को दुखाने वाली तस्वीर सामने आई है। जिसमें कुछ जिराफ भूख प्यास से मृत पड़े हैं। भोजन और पानी की तलाश में उनके शरीर सूख गए हैं।
सोशल मीडिया पर केन्या की ये तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। लोग तस्वीर शेयर करने के साथ ही जलवायु परिवर्तन पर चिंता जता रहे हैं। तस्वीरों में मृत दिख रहे 6 जिराफ केन्या के उत्तर-पूर्वी शहर वजीर में साबुली वन्यजीव अभ्यारण्य के अंदर पाए गए हैं। जो पानी की तलाश में कूछ दूरी पर लगभग सूख चुके जलाशय के पास पहुंचे थे। लेकिन वहां किचड़ में फंसने के कारण इन सभी की मौत हो गई।
केन्या में सूखे के कारण हर दिन सैकड़ों जानवर मर गए हैं। लोग अपने पशुओं को खो रहे हैं। यहां की सरकार ने देश में 10 प्रांतों में सूखे को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर से केन्या के उत्तरी हिस्से में सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है और इसी कारण से ये इलाका गंभीर सूखे की मार झेल रहा है। बारिश की कमी का इलाके के वन्यजीव पर बेहद बुरा हुआ है। इलाके में जंगली जानवरों के खाने-पीने की कमी हो गई है। पशुपालकों की अजीविका पर भी बुरा असर पड़ा है।
फोटो शेयर कर रणदीप हुड्डा ने जताई चिंता
सोशल मीडिया पर लोग केन्या के हालातों पर चिंता जता रहे हैं। ब़ॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने ट्वीट कर लिखा, जलवायु संकट वास्तव में पहले से ही एक जलवायु आपातकाल है। केन्या में सूखे के कारण जिराफ का एक पूरा परिवार खत्म हो गया।
वहीं, Go Green नाम की संस्था ने लिखा, हमें एलियंस के पृथ्वी पर उतरने और हमें नष्ट करने के इंतजार की जरूरत नहीं है। जीवाश्म ईंधन पहले से ही ऐसा कर रहा है। वातावरण को इस हद तक गर्म कर दिया कि, पृथ्वी पर जीवन मुश्किल हो जाए।
केन्या में सूखे का असर केवल जानवरों पर ही नहीं बल्कि वहां के लोगों पर भी हो रहा है। देश के सूखा प्रबंधन प्राधिकरण ने सितंबर में चेतावनी दी थी कि देश में गंभीर सूखे के कारण लगभग 21 लाख केन्याई भुखमरी का सामना कर रहे हैं। केन्या के हालातों पर संयुक्त राष्ट्र ने कहा, 29 लाख लोगों को अभी भी मानवीय सहायता की जरूरत है।