जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में रविवार को 59 सीटों पर मतदान जारी है। पंजाब में अभी कांग्रेस सत्ता में है और यूपी में बीजेपी के योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। पंजाब में इस बार मुकाबला बहुकोणीय बताया जा रहा है।
कुमार विश्वास को केजरीवाल का जवाब- मैं दुनिया का सबसे स्वीट आतंकवादी, शुक्र है कवि ने पकड़ लिया
पंजाब में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन के अलावा भारतीय जनता पार्टी, पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) हैं। संयुक्त समाज मोर्चा भी है, जो अलग-अलग किसान यूनियनों से मिलकर बना है।
पंजाब में दो करोड़ मतदाता हैं जो 1,304 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री हैं। आम आदमी पार्टी इस बार पंजाब में अहम खिलाड़ी बनकर उभरी है। आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में दिल्ली मॉडल को रखा। उनका कहना है कि पंजाब में उनकी पार्टी जीती तो दिल्ली में जिन नीतियों को लागू किया है, उन्हें पंजाब में भी किया जाएगा।
पंजाब विधानसभा 2017 के चुनाव में कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत मिली थी। मुख्य विपक्षी के रूप में 20 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी उभरी थी और एसएडी-बीजेपी गठबंधन को महज 18 सीटों पर जीत मिली थी। बाकी बची दो सीटों पर लोक इंसाफ पार्टी को जीत मिली थी।
बात उत्तर प्रदेश की
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान है और तीसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। तीसरे चरण में कुल 627 उम्मीदवार हैं जिनकी किस्मत का फ़ैसला दो करोड़ मतदाता करेंगे। जिन ज़िलों में आज मतदान हो रहा है, वे हैं, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा।
करहल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव है और यहां भी आज ही मतदान हैं। अखिलेश यादव के खिलाफ बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल का उतारा है। इसके अलावा शिवापल सिंह यादव जसवंतनगर सीट से हैं और यहां भी आज ही मतदान हो रहा है।
तीसरे चरण में कुल 59 सीटों पर मतदान है। बीजेपी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में इन 59 में से 49 सीटों पर जीत दर्ज की थी और एसपी के खाते में महज 9 सीटें आई थीं। कांग्रेस को एक सीट मिली थी और बीएसपी को एक भी नहीं।