जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बालाकोट एयर स्ट्राइक के हीरो रहे अभिनंदन वर्धमान को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वीर चक्र से सम्मानित किया। अभिनंदन वर्धमान ने 27 फरवरी, 2019 को एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को हवाई युद्ध में मार गिराया था। इसके बाद वह तीन दिनों तक पाकिस्तान के कब्जे में रहे थे। इससे पहले भारतीय वायु सेना ने उन्हें प्रमोट करके ग्रुप कैप्टन की रैंक दी है। यह पद भारतीय सेना में कर्नल रैंक के बराबर का होता है।
अभिनंदन को पाकिस्तानी लड़ाकू विमान F-16 को मार गिराने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित का एलान पहले ही किया जा चुका था। 14 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला किया था। इस हमले में भारत के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय वायुसेना ने 26-27 फरवरी की रात पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। भारत के इस हवाई हमले में पाकिस्तान में बैठे 300 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
अमेरिका के बनाए F-16 को किया चकनाचूर
एयरस्ट्राइक के अगले दिन 27 फरवरी को पाकिस्तान की वायुसेना ने भारत में घुसने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना ने उसे खदेड़ दिया। तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन उस समय Mig-21 उड़ा रहे। उन्होंने उसी विमान से पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया था। हालांकि बाद में अभिनंदन का विमान पाकिस्तान की सीमा में क्रैश हो गया, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें बंदी बना लिया। अभिनंदन ने Mig-21 से F-16 को मार गिराया था। इससे दुनियाभर में उनकी तारीफ हुई थी। इसका कारण ये था कि F-16 बहुत ही एडवांस्ड लड़ाकू विमान था, जिसे अमेरिका ने बनाया था। जबकि Mig-21 रूस का बनाया 60 साल पुराना विमान था। भारत ने 1970 के दशक में रूस से Mig-21 को खरीदा था।
इस दौरान भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन का विमान भी क्षतिग्रस्त हो गया था और इजेक्ट करने के बाद वह पीओके में पहुंच गए थे। जिसके बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में भारत के दबाव में आकर 69 घंटे बाद पाकिस्तान ने उन्हें सकुशल भारत को वापस सौंप दिया था।