जनतंत्र डेस्क, जयपुर: मंहगाई के खिलाफ कांग्रेस जयपुर में बड़ी रैली कर रही है। यहां विद्याधर नगर स्टेडियम में गांधी परिवार एक मंच पर मौजूद है। केंद्र के खिलाफ इस महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संबोधित कर रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा, मंहगाई हम सबकी लड़ाई है।
रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, केंद्र सरकार कांग्रेस के तैयार किए गए सभी बड़े उपक्रमों को बेचने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि केंद्र में जो सरकार है, वो कभी सच नहीं कहती। सरकार किसानों के लिए काम नहीं कर रही है सरकार जनता के लिए काम नहीं कर रही है। पूरी दुनिया देख रही है कि यह सरकार कुछ गिने-चुने पूंजीपतियों के लिए ही काम कर रही है।
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में देश के तमाम मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने जनता से जागरूक बन सरकारों की जवाबदेही की बात कही। प्रियंका गांधी ने कहा, आप इस रैली में इसलिए आए हैं क्योंकि महंगाई की वजह से आपका जीना मुश्किल हो गया है। आप यहां इसलिए आए हैं क्योंकि रसोई का सिलेंडर 1000 का हो गया है। ये सरकार जितना विज्ञापन पर खर्च करती है उतना किसानों पर खर्च नहीं करती है। उतना किसानों पर खर्च नहीं करती।
लंबे समय बाद सोनिया गांधी ने की रैली
राहुल गांधी और प्रिंयका गांधी रैलियों में एक्टिव रहते हैं। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी लंबे समय बाद किसी रैली में नजर आई हैं। सोनिया-राहुल के अलावा कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर अपने कद्दावर नेताओं को एक मंच पर जमा कर केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला कर रही है।