जनतंत्र डेस्क, कानपुर: भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 129 रन है। कीवी ओपनर विल यंग 75 और टॉम लाथम 50 के स्कोर पर नाबाद है। इससे पहले टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 345 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हुई। न्यूजीलैंड फिलहाल भारत से 216 रन पीछे हैं।
चूंकी मैच कानपुर में हो रहा है तो कानपुरिया अंदाज भी देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर दर्शक दीर्घा में बैठा एक शख्स खूब सुर्खियां बटोर रहा है। लोग शख्स की फोटो शेयर कर खूब मजे ले रहे हैं। दरअसल, ग्रीन पार्क स्टेडियम की गैलरी में एक फैन ठाठ के साथ गुटखा खाते हुए पहले दिन का मैच देख रहा था। इस दौरान दर्शक फोन पर बात कर रहा था और उसके मुंह में पान मसाला भरा हुआ था। अब शख्स की फोटो तेजी से वायरल हो रही है। इस पर मीमबाज खूब मजे ले रहे हैं।
मैच के दौरान मुंह में गुटखा दबाए ये शख्स फोन पर बात कर रहा था। स्टेडियम का कैमरा शख्स की ओर घूम गया। फिर क्या था हर तरफ इस कानपुरिया की चर्चा होने लगी। भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और ओपनिंग बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी शख्स की गुटखा वाली फोटो को शेयर करते हुए खूब मजे लिए। उन्होंने ट्वीट में शख्स पर बना मीम शेयर किया।
वहीं एक यूजर ने गुटखे वाले दर्शक की फोटो शेयर करते हुए लिखा, चीजें जो आपको कानपुर में ही देखने को मिलेंगी। यूजर ने शख्स का वीडियो भी शेयर किया।
वहीं, एक यूजर ने जेठालाल के साथ मीम बनाते हुए गुटखा वाले शख्स की फोटो शेयर कर की।