जनतंत्र डेस्क Kerala: केरल में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां यू ट्यूब वीडियो देखकर 17 साल की एक लड़की ने घर में बच्चे को जन्म दिया। हैरान करने वाली बात ये है कि बच्चे के डिलीवरी की भनक नाबालिग के घर वालों को भी नहीं लगी। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर घरवालों को इस बारे में पता चला। इस मामले में पुलिस ने लड़की के 21 वर्षीय प्रेमी को अरेस्ट कर लिया।
पूरा मामला केरल के मल्लापुरम जिले का है। जहां 17 साल की लड़की के गर्भवती होने की खबर उसके घरवालों को भी नहीं पता थी। जबकि नाबालिग घरवालों के साथ ही रहती थी। डिलीवरी का दिन आया तो लड़की ने यू ट्यूब वीडियो देखकर बच्चे को जन्म दिया। नाबालिग ने अपने बेडरूम में ही बच्चे की डिलीवरी कर दी। डिलीवरी के तीन दिन बाद बच्चे के रोने की आवाज से घरवालों को इस बारे मे पता चला। डिलीवरी के तीन दिन तक नाबालिग लड़की कमरे में ही रही। लेकिन डिलीवरी के बाद इंफेक्शन हाेने की वजह से उसे बच्चे के साथ कमरे से बाहर आना पड़ा। जिसके बाद दोनों मां-बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया।
मामला चाइल्ड वेलफेयर कमिटी और पुलिस तक पहुंचा। पुलिस की जांच में सामने आया कि नाबालिग को गर्भवती करने वाला उसका पड़ोसी 21 साल का लड़का है। पुलिस की मानें तो प्रेमी ने ही लड़की को यूट्यूब वीडियो देखकर डिलीवरी का आइडिया दिया था और बच्चे की नाल भी उसी की सलाह पर काटी थी। पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेग्नेंसी की घरवालों को नहीं थी खबर
इस पूरे प्रकरण से चाइल्ड वेलफेयर कमिटी भी हैरान है। CWC का कहना है कि एक ही घर में रहते हुए माता-पिता को बेटी के गर्भवती होने का पता कैसे नहीं लगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि, मां देख नहीं सकती और पिता सिक्योरिटी गार्ड हैं ऐसे में रात को बाहर ड्यूटी करते हैं। लड़की ऑनलाइन क्लास का बहाना बनाकर कमरे में ही रहती थी। पुलिस ने बताया कि पड़ोस के आरोपी लड़के ने लड़की की घर की परिस्थिति का फायदा उठाया था। जिसे पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।