जनतंत्र डेस्क, Maharashtra: कोरोना के नए वैरिएंट से दुनिया दहशत में है। साउथ अफ्रीका में मिला ओमिक्रॉन 30 से ज्यादा रूप बदल चुका है। अब भारत में भी इसको लेकर केंद्र और राज्य सरकारें अलर्ट हो गई हैं। इस बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक वृद्धाश्रम में टीके की दोनों डोज ले चुके 55 बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा यहां सात अन्य लोग भी संक्रमित हैं। इन सभी को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी सभी की हालत सामान्य है।
Omicron Variant: केंद्र ने राज्यों को किया अलर्ट, बैठकों का दौर शुरू
जिला स्वास्थ्य प्रशासन के मुताबिक, भिवंडी तालुका के खड़ावली में स्थित ‘मातोश्री’ वृद्धाश्रम में रहने वाले कुछ लोगों की तबियत खराब होने की सूचना मिलने के बाद 109 लोगों की चिकित्सकों की टीम ने जांच की थी। जिसमें 61 लोग जांच में संक्रमित पाए गए। शुक्रवार को एक बुजुर्ग के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। जिला प्रशासन ने एक बयान में बताया कि कुल 62 संक्रमित लोगों में से 37 पुरुष हैं और 25 महिलाएं हैं। इनमें से 55 वृद्धाश्रम में रहते हैं और उनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है। वहीं, पांच कर्मचारी हैं और दो अन्य इन कर्मचारियों के परिवार के सदस्य हैं। इनमें से एक डेढ़ साल की बच्ची है और एक गर्भवती महिला है।
दक्षिण अफ्रीका से लौटे शख्स में कोरोना की पुष्टि
दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच वहां से भारत आए एक शख्स में कोरोना की पुष्टि हुई है। हालांकि शख्स कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट पॉजिटिव नहीं पाया गया। ठाणे जिले के डोम्बीवली में साउथ अफ्रीका से लौटे एक व्यक्ति में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। कल्याण-डोम्बीवली नगर निगम (केडीएमसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। केडीएमसी के मुताबिक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए व्यक्ति में ओमिक्रॉन स्वरूप की पुष्टि नहीं हुई है।