Manmohan Singh Health: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया है। गुरुवार शाम मनमोहन सिंह को बुखार जांच के लिए AIIMS में एडमिट किया गया था। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी व्यक्तिगत रूप से मनमोहन सिंह का हाल जानने एम्स पहुंचे।
मनमोहन सिंह के स्वास्थ्य को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘ मैं डॉक्टर मनमोहन सिंह जी के बेहतर स्वास्थ्य और जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थना करता हूं।’ वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलने के बाद ट्वीट करते हुए कहा कि ‘ आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी से AIIMS, नई दिल्ली में मुलाक़ात की और उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
AIIMS के डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल मनमोहन सिंह की हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी तिबयत बिगड़ने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार समेत कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Manmohan Singh Health:दो दिन पहले हुआ था बुखार
एम्स के अधिकारियों के मुताबिक ’89 वर्षीय पू्र्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बुखार की जांच के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था। उनकी हालत स्थिर है। दो दिन पहले उन्हें बुखार आया था। जिसके बाद वह कमजोरी महसूस कर रहे थे। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें एम्स भर्ती कराया गया है।