जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के जरिए देश की जनता को संबोधित किया। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम का 90 वां एपिसोड था। इस कार्यक्रम का आकाशवाणी पर सीधा प्रसारण हुआ था। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम में 1975 की इमरजेंसी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, इमरजेंसी के दौरान लोगों के संघर्षों का गवाह रहने का सौभाग्य मुझे भी मिला। आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो हमें आपातकाल के भयानक दौर को भूलना नहीं चाहिए।
संवैधानिक संस्था पर नियंत्रण लगा दिया गया था: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा- देश की अदालतें, हर संवैधानिक संस्था, प्रेस आदि सब पर नियंत्रण लगा दिया गया था। सेंसरशिप की ये हालत थी कि बिना स्वीकृति कुछ भी छापा नहीं जा सकता था। उसमें भारतीयों से सभी अधिकार छीन लिए गए थे। उसमें से एक अधिकर संविधान के आर्टिकल 21 के तहत सभी भारतीयों को मिला ‘RIGHT TO LIFE AND PERSONAL LIBERTY’ भी था। उस समय भारत के लोकतंत्र को कुचल देने का प्रयास किया गया हजारों गिरफ्तारियां और अत्याचार हुए।
आज की पीढ़ी के नौजवानों से एक सवाल पूछना चाहता हूं : मोदी
मोदी ने इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि मैं आज की पीढ़ी के नौजवानों से एक सवाल पूछना चाहता हूं और मेरा सवाल बहुत गंभीर है। क्या आपको पता है कि आपके माता-पिता जब आपकी उम्र के थे तब एक बार उनसे जीवन का भी अधिकार छीन लिया गया था। उन्होंने आगे अपने संबोधन में कहा कि ये वर्षों पहले 1975 में जून की बात है जब इमरजेंसी लगाई गई थी।
लोगों का लोकतंत्र से विश्वास कम नहीं हुआ: मोदी
मोदी ने कहा, कई कोशिशों, हजारों गिरफ़्तारियों और लाखों लोगों पर अत्याचार के बाद भी लोगों का लोकतंत्र से विश्वास कम नहीं हुआ। लोगों में सदियों से लोकतंत्र की जो भावना रग-रग में है अंत में जीत उसी की हुई। भारत के लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से ही इमरजेंसी को हटाकर वापस लोकतंत्र की स्थापना की थी।
स्टार्टअप कार्यक्रम सरकार की अनूठी योजना है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में देश नई ऊंचाई हासिल कर रहा है और हमारे युवा सरकार के स्टार्टअप कार्यक्रम के जरिए अंतरिक्ष के क्षेत्र मे भी नए आयाम उपलब्ध कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप कार्यक्रम उनकी सरकार की अनूठी योजना है और इसके जरिए देश का युवा नए आकाश को छूने की कोशिश में लगा हुआ है। उनकी सरकार ने हर युवा को उद्यमिता के क्षेत्र प्रोत्साहित करने के लिए इस योजना की शुरुआत की थी और यह कार्यक्रम आज अंतरिक्ष क्षेत्र में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
जल संरक्षण जीवन संरक्षण है: मोदी
पीएम मोदी ने कहा, हमारे देश में मानसून का लगातार विस्तार हो रहा है। अनेक राज्यों में बारिश बढ़ रही है। यह समय जल संरक्षण का भी है। समाज सदियों से यह जिम्मेदारी उठाता रहा है। जल संरक्षण जीवन संरक्षण है। आजकल कई नदी महोत्सव होने लगे हैं। आपके यहां जो भी जल स्त्रोत हैं, वहां कुछ न कुछ आयोजन जरूर करें।
कोरोना के खिलाफ सावधानी जरूरी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश के पास वैक्सीन का व्यापक सुरक्षा कवच मौजूद होने के बावजूद कोरोना के खिलाफ सावधानी को ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा, हमने देशवासियों की सफलताओं और उपलब्धियों की चर्चा की। इस सबके बीच, हमें, कोरोना के खिलाफ सावधानी को भी ध्यान रखना है , हालांकि संतोष की बात है कि आज देश के पास वैक्सीन का व्यापक सुरक्षा कवच मौजूद है। हम 200 करोड़ वैक्सीन डोज़ के करीब पहुँच गए हैं।”
मिताली राज ने खेल प्रेमियों को भावुक कर दिया है: मोदी
पीएम मोदी ने कहा, भारत की सर्वाधिक प्रतिभाशाली क्रिकेटरों में मिताली राज भी हैं। उन्होंने इसी महीने क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। उन्होंने कई खेल प्रेमियों को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा, वह महज एक असाधारण खिलाड़ी नहीं हैं। वह अनेक खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत भी रही हैं।
गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा फिर सुर्खियों में छाएं रहे: मोदी
पीएम मोदी ने कहा , बीते दिनों हमारे गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा फिर सुर्खियों में छाएं रहे, फिनलैंड में नीरज ने पावो नुरमी गेम्स में सिल्वर मेडल जीता ,यहीं नहीं उन्होंने अपने ही जैवलिन थ्रो के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है।
किशोर कुमार को प्रतिबंधित कर दिया गया था: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेंसरशिप इतनी सख्त थी कि बिना मंजूरी के कुछ भी प्रकाशित नहीं किया जा सकता था। उन्होंने कहा, “मुझे याद है, जब प्रसिद्ध गायक किशोर कुमार जी ने सरकार की तारीफ करने से इनकार कर दिया था, तब उन्हें प्रतिबंधित कर दिया गया था, उन्हें रेडियो पर आने की अनुमति नहीं दी गई।”