नई दिल्ली : देश में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो गई है। पिछले चौबीस घंटे में अब तक के सर्वाधिक 1.26 लाख मामले सामने आए। अकेले महाराष्ट्र में 60 हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान देशभर में 685 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 322 तो पंजाब में 62 लोगों ने जान गंवाई। रिकवरी रेट घटकर 91.67 फीसद पर पहुंच गया है।
कई राज्यों में सुरक्षा पर कड़े इंतजाम
कोरोना के बढ़ते मामलों के देखते हुए देश के कई राज्य अपने यहां कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। कोरोना से लड़ने के लिए कई राज्यों में लॉकडाउन, तो कई राज्य अपने यहां नाइट कर्फ्यू लगा दिए हैं। इऩ सबके बीच देश के अधिकांश राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस को देखते हुए कई जिलों में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। नोएडा और गाजियाबाद प्रशासन ने भी सभी शिक्षण संस्थान 17 अप्रैल तक बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन अलर्ट
प्रशासन ने कोरोना से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं और लोगों को ऐहतियात बरतने और अलर्ट रहने के लिए गाइडलाइंस भी जारी की हैं। मध्य प्रदेश के शहरों में शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन का एलान किया गया है। आइए जानते हैं कोरोना से निपटने के लिए किस राज्य में क्या पाबंदियां लगाई गई हैं…
दिल्ली में कोरोना के मामलों से डरने लगे लोग, शुरू हुआ पलायन, स्टेशन पर उमड़ी भीड़
मध्यप्रदेश में हालत बेकाबू
मध्य प्रदेश में बढ़ते जा रहे कोरोना संक्र मण की स्थिति को देखते हुए अब सभी शहरों में तीन रात-दो दिन का संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक यह प्रभावी होगा। यह व्यवस्था 30 अप्रैल तक लागू रहेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गुरवार को उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश दिए जाने के बाद गृह विभाग ने यह आदेश जारी किए। मुख्यमंत्री ने बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करने के बाद कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया।
दिल्ली में नाईट कर्फ्यू
केजरीवाल सरकार ने भी मंगलवार को दिल्ली में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया। सरकार ने तत्काल प्रभाव से दिल्ली में 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू का ऐलान किया है। दिल्ली में नाइट कर्फ्यू के दौरान जो लोग वैक्सीन लगवाने जाना चाहते हैं उनको ट्रैफिक मूवमेंट पर किसी तरह की कोई रोक नहीं होगी। इसके अलावा राशन, किराना, फल सब्जी, दूध, दवा से जुड़े दुकानदारों को ई-पास के जरिए ही कर्फ्यू के दौरान छूट मिलेगी।
महाराष्ट्र में हालात बेकाबू
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण पर रोक लगाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार रात से नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी सुविधाओं पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। वहीं सोमवार से 30 अप्रैल तक सुबह सात बजे से रात आठ बजे के बीच सार्वजनिक स्थानों पर पांच या इससे अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने पर रोक होगी। इसके अलावा महाराष्ट्र में वीकेंड लॉकडाउन भी लगा दिया गया है।