Noida Update: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ समाज के मंगल की कामना करता है। हिन्दू समाज ही है जो अपने संस्कृति को हमेशा संजो कर रखता है।
जनतंत्र डेस्क: Noida Update: गौतम बुद्ध नगर जिले में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा प्राथमिक शिक्षा वर्ग 2021 चलाया गया। नोएडा के सेक्टर 158 के संत किशोरी शरण विद्या मंदिर में चल रहा सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग 2021 शुक्रवार यानी 22 अक्टूबर को संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का मानें तो पूरी दुनिया के लोग हिन्दुत्व की ओर आकृष्ट हो रहे हैं और हिंदुत्व के मूल को स्वीकार कर रहे हैं क्योंकि हिन्दू का अर्थ है, हीनता से दूर रहने वाला। संघ सम्पूर्ण समाज के मंगल की कामना करता है। हिन्दू समाज ही है जो अपने संस्कृति को हमेशा संजो कर रखता है।
यह भी पढ़ें – Clean Yamuna Campaign: यमुना किनारे स्वच्छता अभियान, मनोज तिवारी ने लोगों को किया जागरुक
Noida Update: प्राथमिक शिक्षा वर्ग 2021 का उद्देश्य
आपको बता दें कि इस प्रशिक्षण वर्ग में स्वयं सेवकों के व्यक्तित्व का निर्माण किया जाता है ताकि वो स्वयं की इच्छा से बिना किसी भेद भाव से एक अच्छे समाज के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकें। इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिदिन संघ स्थान पर प्रार्थना के बाद शारीरिक शिक्षा, व्यायाम, खेल, बौद्धिक के साथ-साथ स्वयं सेवकों का व्यक्तित्व, कृतित्व, नेतृत्व, समझदारी, समर्पण का भाव व देश भक्ति की भावना की बात बताई गयी। इतना ही नहीं, प्राथमिक शिक्षा वर्ग के कार्यक्रम में छोटे से लेकर बड़े विषय पर चिंतन करना और अपना कर्तव्य समझना भी बताया गया।
Noida Update: 16 अक्टूबर से शुरू हुआ था कार्यक्रम
इस कार्यक्रम के अध्यक्ष सेवानिवृत आई ए एस, श्रीमान शंकर अग्रवाल जी ने शारीरिक, बौद्धिक प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए संतुलन बनाए रखने और समाज के हित में अपनी क्षमता के सदुपयोग की बात की। प्राथमिक शिक्षा वर्ग के समापन कार्यक्रम में विभाग, जिला और नगर कार्यकारिणी के कार्यकर्ता भी उपस्थिति थे। बताते चलें कि प्राथमिक शिक्षा वर्ग 16 अक्टूबर से शुरू हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सात दिवसीय वर्ग के समापन कार्यक्रम में आए मुख्य वक्ता, विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री श्री तपन कुमार जी ने कहा कि भारत का भविष्य युवा वर्ग के हाथो में है, आज का युवा जागरूक और सजग भी है। युवा वर्ग अपने भविष्य के साथ साथ देश के लिए अपने कर्तव्यों का भी निर्वाहन करें, ये आवश्यक है।