नई दिल्ली : Noida Updates: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। नोएडा अथॉरिटी लागों को भीड़भाड़ और ट्रैफ़िक जाम से छुटकारा दिलाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए 15 अगस्त से सेक्टर-71 का अंडरपास चालू किया जाएगा। अंडरपास को शुरू करने के लिए सभी तैयारियाँ कर ली गई हैं। इस अंडरपास के शुरू होने से बॉटेनिकल गार्डन से लेकर पर्थला गोल चक्कर तक वाहन आराम से चल सकेंगे। मेट्रो रेल पिलर के चलते अंडरपास देरी से बनना शुरू हुआ था। बता दें कि इस अंडरपास को बनाने में 52 करोड़ रुपये का खर्च आया है।
यह भी पढ़ें – NOIDA AIRPORT : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
Noida Updates: मेट्रो पिलर के कारण टला अंडरपास का काम
नोएडा अथॉरिटी नोएडा में तीन जगहों पर अंडरपास का निर्माण करा रही है। सेक्टर-71 का अंडरपास उनमें से एक है। इस अंडरपास के बनने से सबसे ज़्यादा फायदा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वालों को होगा। बता दें कि मेट्रो पिलर का काम बीच में आ जाने के चलते अंडरपास का काम टल गया था। अंडरपास का निर्माण सिटी सेंटर और ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली सड़क पर किया गया है। इसके बनने से सिटी सेंटर से ग्रेनो वेस्ट के बीच अंडरपास से और NH-24 से भंगेल के बीच अंडरपास के ऊपर से बेरोकटोक सफर किया जा सकेगा। इस अंडरपास की लंबाई करीब 680 मीटर है।
Noida Updates: अंडरपास बनने से किसे होगा फायदा
नोएडा के सेक्टर-71 चौक पर यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। नोएडा के अलावा ग्रेटर नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा और राजस्थान के बीच आवाजाही करने वाले हज़ारों वाहन रोज़ाना इसी चौराहे का इस्तेमाल करते हैं। साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा को भी यह चौराहा नोएडा से जोड़ता है। अंडरपास निर्माण के दौरान भंगेल और सेक्टर-76 से सेक्टर-60 और 61 जाने वाले वाहनों को चौराहे से बाईं ओर मुड़कर यू-टर्न लेना पड़ता था।