जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पंजाब अब भगवंत भरोसे हो गया है। शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान उनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह स्थल पीले रंग में रंगा हुआ है। मान के साथ साथ अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने भी पीली पगड़ी पहनी थी।
जीत के बाद मां को गले लगाकर भावुक हुए भगवंत मान, कहा- अब पंजाब फार्म हाउस से नहीं गांवों से चलेगा
भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह देरी से शुरू हुआ। 12.30 बजे खटकड़ कलां में कार्यक्रम होना था लेकिन अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान 50 मिनट की देरी से पहुंचे। इसका कारण विजिबिलिटी में कमी को बताया जा रहा है। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने भगवंत मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा, पंजाब के कोने कोने से भगत सिंह के गांव आए लोगों का मैं तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। दिल्ली की कैबिनेट यहां बैठी है। सीएम केजरीवाल, डिप्टी सीएम आए हैं। यहां पंजाब के विधायक बैठें, जिन्होंने बहुत अच्छी जीत हासिल की। यहां होने की खास वजह है। ये भगत सिंह का गांव है। आम आदमी पार्टी उनके सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है।
भगवंत मान ने कहा कि ये गांव मेरे लिए नया नहीं है। मैं यहां बहुत बार आया हूं। ‘आप’ का जनता ने साथ दिया है। कई जन्म लेने पड़ेंगे, जनता के इस प्यार को उतारने के लिए।