जनतंत्र डेस्क, Punjab: पंजाब के लुधियाना में कोर्ट में ब्लास्ट हुआ है। ये धमाका अदालत की तीसरी मंजिल पर हुआ। जिससे दिवार ढह गई, घटना के बाद इलाके में अफरी तफरी मच गई। बताया जा रहा है इस ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हैं। यह धमाका मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने के कुछ देर पहले हुआ।
जानकारी के मुताबिक, ब्लास्ट लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की तीसरी मंजिल के बाथरुम में हुआ। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं। वहीं, इस ब्लास्ट में आतंकी एंगल तो नहीं है इसकी जांच के लिए NIA की टीम लुधियाना के लिए रवाना हो गई है। NIA की टीम पंजाब पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच करेगी।
धमाका इतना तेज था कि, बिल्डिंग के आस-पास खड़ी कारों के शीशे टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लोग दहशत में आ गए। वकीलों की हड़ताल के चलते कोर्ट में ज्यादा भीड़ नहीं थी। पुलिस के आलाधिकारी बम निरोधक दस्ते के साथ घटनास्थल पहुंच गए हैं। वहीं, शहर में हाई अलर्ट जारी करते हुए नाकाबंदी कर दी गई।
CM चन्नी ने क्या कहा
धमाके के बाद CM चन्नी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही देश और पंजाब विरोधी ताकतें माहौल खराब कर रही हैं। पहले बेअदबी के जरिए पंजाब में गड़बड़ी की कोशिश की गई, उसमें कामयाब नहीं हुए। अब इस तरह की हरकत की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, मैं किसानों के साथ मीटिंग कर रहा था। इसे जल्दी खत्म करके अब लुधियाना जा रहा हूं। वहां जाकर पूरे हालात की जानकारी लूंगा। सरकार इस पर पूरी तरह सचेत है।