जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तीन कृषि कानून वापस लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि, हमने किसानों को समझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वो सब विफल रहा। अब हम तीनों कृषि कानून वापस ले रहे हैं। पीएम मोदी की इस बड़ी घोषणा के बाद प्रतिक्रियाओं का जमघट लग गया। पक्ष विपक्ष सभी इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
कृषि कानून वापस लेने पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र को धन्यवाद कहा। उधर, पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
चुनाव में हार के डर से वापस लिए कानून- संजय सिंह
आप सांसद संजय सिंह ने कहा, ये मोदी के अन्याय पर किसान आंदोलन की जीत है उन्हें ढेरों बधाई। भारत के अन्नदाता किसानो पर एक साल तक घोर अत्याचार हुआ। सैंकड़ों किसानो की शहादत हुई अन्नदाताओं को आतंकवादी कह कर अपमानित किया। इस पर मौन क्यों रहे मोदी जी। देश समझ रहा है चुनाव में हार के डर से तीनो काला कानून वापस हुआ।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के इस बड़े फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, आज प्रकाश दिवस के दिन कितनी बड़ी ख़ुशख़बरी मिली। तीनों क़ानून रद्द। किसानों की शहादत अमर रहेगी।
राहुल गांधी ने अपना पुराना वीडियो शेयर किया। जब वे कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच पहुंचे थे। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, देश के अन्नदाता ने सत्याग्रह से अहंकार का सिर झुका दिया। अन्याय के खिलाफ ये जीत मुबारक हो! जय हिंद, जय हिंद का किसान!
नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया, काले कानूनों को निरस्त करना सही दिशा में एक कदम. किसान मोर्चा के सत्याग्रह को ऐतिहासिक सफलता मिली। आपके बलिदान से यह संभव हुआ।
ये पीएम मोदी के अहंकार की हार- सीएम गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, तीनों काले कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा लोकतंत्र की जीत एवं मोदी सरकार के अहंकार की हार है। यह पिछले एक साल से आंदोलनरत किसानों के धैर्य की जीत है। देश कभी नहीं भूल सकता कि मोदी सरकार की अदूरदर्शिता एवं अभिमान के कारण सैकड़ों किसानों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।