जनतंत्र डेस्क Snowfall: पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में दो दिन से बारिश का दौर जारी है। वही ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी भी शुरू हो गई है। इसका असर पूरे उत्तर भारत पर देखा जा रहा है। दिल्ली नोएडा समेत कई इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। वहीं, केरल और तमिलनाडू पहले ही बारिश से बेहाल हैं। उत्तराखंड और हिमाचल के कई इलाकों में तो ग्रामीणों ने अपने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना भी शुरू कर दिया है। यहां धीरे धीरे ठंड बढ़ती जा रही है। जल्द ही दिल्ली में भी सर्दी का सितम पड़ सकता है।
Snowfall: बर्फबारी के चलते शीतलहर की आगोश में बद्रीनाथ
उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। जिसका असर बद्रीनाथ धाम में भी देखा जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊपरी इलाकों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। जिससे देव नगरी का तापमान नीचे चला गया। मौसम के इस बदले मिजाज से पहाड़ के लोगों ने तो अलाव का सहारा लेना भी शुरू कर दिया।
मौसम विभाग की चेतावनी, चारधाम यात्रा पर रोक
हर साल लोगों को बर्फबारी का इंतजार रहता है। जैसे ही बर्फबारी शुरू होती है लोग पहाड़ों का रुख करने लगते हैं। लेकिन बारिश और बर्फबारी से लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के बाद केदारनाथ जा रहे यात्री सोनप्रयाग में रोक दिए गए। प्रशासन की चेतावनी के बाद चारधाम यात्रा रोक दी गई। वहीं, केदारनाथ में मौजूद यात्रियों को वापस भेजा गया। साथ ही गंगोत्री–यमुनोत्री यात्रा भी रोक दी गई।
सीएम धामी ने दिए निर्देश
प्रदेश में बारिश का रेड अलर्ट जारी होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी स्कूलों में 18 अक्टूबर यानि आज अवकाश घोषित कर दिया। इसके साथ सभी कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित करने और दो दिन हर घंटे रिपोर्ट भेजने के निर्देश सीएम ने दिए हैं। सीएम धामी ने सभी एजेंसियों को अलर्ट रहने और नदियों के जलस्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए।
हिमाचल में भी बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड के साथ साथ हिमाचल में भी ठंड ने दस्तक दे दी। त्यौहारों की छुट्टियों पर हिमाचल घूमने आए पर्यटकों को शिमला, कुल्लू, मनाली में बारिश के चलते होटलों में ही दुबकना पड़ा। वहीं, पर्यटक रोहतांग दर्रा भी पहुंचे जहां वे बर्फ के फाहों में मस्ती करते नजर आए।