जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पहाड़ी प्रदेशों में बर्फ की सफेद चादर बिछ रही हैं। पेड़-पौधे, पक्षी, घर-दुकान सब इस खूबसूरत नजारे के गवाह बन रहे हैं। जब सुर्ख सफेद बर्फ, ऊंचे-ऊंचे पेड़ों से टकराती हुई जमीन पर गिरती है। पहाड़ी इलाको में रविवार रात से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम बेहद खुशनुमा और बर्फीला है। उत्तराखंड में बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, और औली में बर्फबारी हो रही है। जिससे पर्यटकों में खुशी का माहौल है।
चमोली में भी बर्फबारी देखी गई। इसके साथ ही उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने करवट ली। ठंड बढ़ने से लोग घरों में दुबके रहे। यहां 8 इंच के ऊपर बर्फबारी दर्ज की गई। शीतकालीन प्रवास मुखवा उखीमठ में भी मां गंगे की पूजा अर्चना के साथ बर्फबारी का दृश्य बेहद सुंदर नजर आया। बर्फ की चादर ओढ़ने के बाद मंदिर दुधिया रंग में रंग गया।
हिमाचल में भी राजधानी शिमला में बर्फबारी हुई। शिमला के नारकंडा में नजारा सफेद चादर से ढ़क गया। यहां रविवार से ही बर्फबारी का दौर जारी है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से निचले इलाकों में भी ठंड बढ़नी शुरू हो गई। पहाड़ी इलाको में पारा शून्य से नीचे गिर गया है। जहां पर्यटकों में खुशी का माहौल है तो वहीं स्थानीय लोगों को बर्फबारी से दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। औली में लगभग आधा इंच बर्फ़ जम गई है।
वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा, दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली और हरियाणा में बादलों की आवाजाही हो सकती है।